कोरबा :-
जायसवाल कलार समाज का सामाजिक विकास एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठित करने में महत्वपूर्ण योगदान : जयसिंह अग्रवाल

भगवान सहस्त्रबाहु जयंती के पावन अवसर पर आज छत्तीसगढ़ कलार महासभा परिक्षेत्र, कोरबा द्वारा SECL हेलीपैड के समीप स्थित जायसवाल समाज के सामाजिक भवन में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के प्रथम सत्र में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय जायसवाल प्रथम सत्र के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता कर समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर समाज के लोगों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने समस्त समाजजनों को भगवान सहस्त्रबाहु जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जायसवाल कलार समाज ने सामाजिक एकता, संगठन, शिक्षा, संस्कृति एवं समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाज की संगठित शक्ति और आपसी सहयोग ही उसकी प्रगति का आधार है। उन्होंने समाज द्वारा आयोजित भव्य समारोह एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजकों और समस्त समाजजनों को बधाई दी। श्री अग्रवाल ने कहा कि अपने मंत्रीत्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सभी समाजों की सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनेक समाजों को भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने की पहल की थी। उनका सदैव प्रयास रहा है कि प्रत्येक समाज को अपने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवसर मिलने पर समाज की आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे कोरबा नगर पालिक निगम के पार्षद एवं समाज के कोरबा अध्यक्ष अनुज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जयसिंह अग्रवाल जी का समाज के प्रति योगदान केवल भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भवन में पानी, बिजली सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उनके प्रयासों से उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि श्री अग्रवाल ने हमेशा समाज के सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान, सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा आपसी सद्भाव एवं समरसता को बढ़ावा देने के लिए सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने समाज की ओर से श्री अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह में समाज के पदाधिकारीगण, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
