कोरबा :

सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति, एस.बी.एस. कॉलोनी के तत्वावधान में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर एक भव्य और आकर्षक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पार्श्व गायक और जाने-माने कलाकार नितिन दुबे अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर करेंगे।  समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रंगारंग कार्यक्रम एस.बी.एस. कॉलोनी, एस.ई.सी.एल कोरबा स्थित सेंट्रल वर्स ऑफ कॉलोनी, (Children Park) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 25 अक्टूबर को रात्रि 8:00 बजे से होगी।छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, सुमधुर गीतों और ऊर्जावान प्रस्तुतियों के पर्याय बन चुके नितिन दुबे के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर स्थानीय संगीत प्रेमियों और युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति ने कोरबा जिले के समस्त क्षेत्रवासियों से अपील है अपने इष्ट-मित्रों के साथ समय पर उपस्थित होकर इस भव्य सांस्कृतिक संध्या और मां दुर्गा के आशीर्वाद उत्सव का आनंद उठाएं।