कोरबा :-
पूरा देश भीषण गर्मी के चपेट मे है ऐसे मे कोरबा जिला भी इससे अछूता नही है। इन दिनों जिले मे भीषण गर्मी की मार सिर्फ लोगों पर ही नहीं बल्कि बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पाडीमार जोन में लगातार बढ़ते तापमान ने ट्रांसफार्मरों और केबलों पर इतना दबाव बढ़ा दिया है कि आए दिन फाल्ट और ट्रांसफार्मर फेल होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
पाडीमार जोन के सहायक अभियंता (AE) कृष्ण चंद्र जोशी ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों में शिकायतों की संख्या अचानक कई गुना बढ़ गई है। हालात इतने चुनौतीपूर्ण हैं कि, विद्युत विभाग की टीम 24 घंटे, दिन-रात बिना रुके काम कर रही है। तेज धूप, तपती सड़कों और गर्म हवाओं के बीच कर्मचारी लगातार फाल्ट सुधारकर लोगों के घरों में रोशनी लौटाने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को कम करने के लिए कोसाबादी क्षेत्र हेतु नया शिकायत नंबर 6261225750 जारी किया गया है, क्योंकि पुराने नंबर पर अत्यधिक कॉल आने से लाइन व्यस्त हो जाती थी। इसके अलावा “मोर बिजली” ऐप और टोल फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

अपील :- अनावश्यक बिजली का उपयोग न करें
AE जोशी ने लोगों से अपील करते हुए कहा “बिजली का अनावश्यक उपयोग न करें, जितनी जरूरत हो उतना ही इस्तेमाल करें, ताकि लोड कम हो सके और सभी को राहत मिल सके। साथ ही, बिजली कर्मचारियों के साथ सहयोग और सम्मान का व्यवहार रखें… ये भी इंसान हैं, जो इस भीषण गर्मी में आपके लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।”
एक तरफ तपती गर्मी और बढ़ता लोड, तो दूसरी तरफ जिम्मेदारी निभाती बिजली टीम… ऐसे हालात में अगर जनता थोड़ा संयम और सहयोग करे, तो जिले मे बिजली व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जा सकता है।
