कोरबा :-
जिले में आगामी 07 मई को समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम रोजगार दिवस का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी ग्राम पंचायतों में इन आयोजनों को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। इस आयोजन के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य ग्रामीण विकास को गति देना तथा आमजन को योजनाओं से सीधे जोड़ना है।
सुशासन तिहार के तहत शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर
राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर ही मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकतानुसार इन प्रकरणों का समाधान विकासखंड एवं जिला स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा।
आवास निर्माण की समयबद्ध पूर्णता पर फोकस
रोजगार सह आवास दिवस के दौरान स्वीकृत सभी आवासों को अधिकतम 90 दिनों में पूर्ण कराने हेतु कार्ययोजना तैयार की जाएगी। हितग्राहियों को उनके खाते में हस्तांतरित राशि की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
जल संरक्षण एवं रोजगार सृजन गतिविधियों को बढ़ावा
ग्राम पंचायतों में ‘नवा तरिया-आय के जरिया’ अभियान के अंतर्गत नए तालाब निर्माण की कार्ययोजना बनाई जाएगी। मनरेगा के अंतर्गत प्रचलित कार्यों को मई माह में पूर्ण करने तथा मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही ‘आजीविका डबरी’ के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन
रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने, लंबित जियो टैगिंग कार्यों को पूर्ण करने एवं सूचना पटल पर परिवार की महिला सदस्य का नाम अंकित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन मिले।
क्यूआर कोड से मिलेगी योजनाओं की जानकारी
07 मई को सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त हो सके और पारदर्शिता को बढ़ावा मिले।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस आयोजन को जनहितकारी एवं परिणाममुखी बनाते हुए ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।
