कोरबा :-
फाइनल मुकाबले में शिक्षा विभाग की टीम को 57 रन से किया परास्त
कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के चैंपियन का ताज पुनः बालको की टीम के सिर सजा। फाइनल मुकाबले में शिक्षा विभाग की टीम को परास्त कर बालको की टीम ने ट्राफी अपने नाम की। टॉस जीतकर बालको की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। बालको की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 157 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिक्षा विभाग की टीम लगातार अंतराल पर विकेट खोती रही। 8 विकेट खोकर शिक्षा विभाग की टीम 100 रन ही बना सकी। बालको की टीम ने 57 रन से फाइनल मुकाबले को जीतकर टाइटल अपने नाम किया। बालको की टीम के मंजय सिंह ने 24 गेंद में शानदार 56 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। विजेता टीम बालको को उपस्थित अतिथियों द्वारा स्व.केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता की चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता टीम शिक्षा विभाग को स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति ट्रॉफी से नवाजा गया। फाइनल मुकाबले को देखने घंटाघर मैदान में क्रिकेट के प्रेमियों की भारी भीड़ रही। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, प्रेस क्लब सदस्य, पत्रकारबंधु व बड़ी संख्या में गणमान्य जनों की उपस्थिति रही।
प्रेस क्लब का आयोजन काबिले तारीफ: कलेक्टर
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने उपस्थिति प्रदान कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, भाजयुमो महामंत्री व वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, आईपीएस विमल कुमार ठाकुर, बालको जनसंपर्क अधिकारी दीपक बाजपेई, अदानी पावर हेड अतुल गुप्ता की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा और वरिष्ठ पत्रकार रविशंकर शुक्ला ने विशेष उपस्थिति प्रदान कर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। मुख्य अतिथि की आसंदी से कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब पिछले 22 वर्षों से वरिष्ठ पत्रकार स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करा रहा है। प्रेस क्लब का यह आयोजन काबिले तारीफ है। नगर निगम आयुक्त श्री पांडेय ने कहा कि प्रशासन सहित विभिन्न विभाग और औद्योगिक उपक्रमों को एक मंच पर लाकर इस तरह का आयोजन करना सराहनीय है। इस आयोजन के लिए प्रेस क्लब परिवार बधाई का पात्र है। पार्षद श्री देवांगन ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार स्व. की केशवलाल मेहता की स्मृति में लगातार 22 वर्षों से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह स्वर्गीय मेहता को प्रेस क्लब परिवार की सच्ची श्रद्धांजलि है। सीईओ श्री नाग ने कहा कि प्रेस क्लब कोरबा के पत्रकार साथियों द्वारा पत्रकारिता के मूल दायित्व के साथ खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना सराहनीय पहल है।

मंजय को बेस्ट बेस्ट बैट्समैन का खिताब
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार से भी नवाजा गया। बेस्ट बैट्समैन बालको 11 के मंजय सिंह रहे। बेस्ट बॉलर शिक्षा विभाग टीम के संजय कुर्रे रहे। बेस्ट फील्डर शिक्षा विभाग के पुरुषोत्तम केवट और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार बालको 11 के अरविंद मानिकपुरी को प्रदान किया गया। अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार से नवाजा गया।
