कोरबा :-
सोलर अम्बर चरखे से आत्मनिर्भर बनेंगी पहाड़ी कोरवा महिलाएं
विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन की उपस्थिति में ग्राम आछीमार की 09 पहाड़ी कोरवा महिला हितग्राहियों को सोलर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे वितरित किए। इस अवसर पर खादी ग्रामउद्योग के सहायक संचालक श्री आशीष राठौर उपस्थित रहे। इस पहल से महिलाएं अपने घरेलू एवं दैनिक कार्यों के साथ अतिरिक्त समय निकालकर घर पर ही सूत कताई का कार्य कर सकेंगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा महिलाओं को कपास की पोनी (कॉटन रोविंग) उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाएं अम्बर चरखे के माध्यम से सूत तैयार कर विभागीय उत्पादन केंद्रों में जमा करेंगी। तैयार सूत का क्रय खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा निर्धारित दर पर किया जाएगा। इससे प्रत्येक महिला को प्रतिमाह लगभग 5 से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभागीय खादी उत्पादन केंद्र कुंवरगढ़, धरसींवा, जिला रायपुर में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के अंतर्गत प्रदेश की 30 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिला हितग्राहियों को 17 सितंबर 2026 से अम्बर चरखे के माध्यम से सूत कताई का प्रशिक्षण दिया गया था। गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इनमें कोरबा जिले की 09 पहाड़ी कोरवा महिला हितग्राहियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण के उपरांत सभी 09 महिलाओं को सोलर चलित किट सहित अम्बर चरखे प्रदान किए गए हैं। विभागीय उत्पादन केंद्रों से जोड़कर महिलाओं को उनके गांव में ही कच्ची सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा तैयार सूत का संग्रहण किया जाएगा। इससे महिलाओं को रोजगार के लिए घर से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे अपनी सुविधानुसार कार्य कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगी। यह पहल विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं के कौशल का उपयोग कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने, पारिवारिक आय बढ़ाने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का नया अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही खादी उत्पादन को भी प्रोत्साहित करेंगे।
