कोरबा :-
दो वारदातों का खुलासा, 01 आरोपी एवं 02 विधि से संघर्षरत बालक पकड़ाए
थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्रांतर्गत दिनांक 03 एवं 04 नवंबर 2026 को राह चलती महिलाओं से पर्स लूट की दो अलग-अलग घटनाएं घटित हुई थीं। पहली घटना में दिनांक 03.11.2026 को प्रार्थिया सीमा महंत, निवासी पोड़ीबहार, शाम लगभग 04:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात आरोपियों ने पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया-धमकाया तथा उनके हाथ में रखे हैंड पर्स को लूटकर मौके से फरार हो गए। इसी प्रकार दिनांक 04.11.2026 को शाम लगभग 04:00 से 04:30 बजे के मध्य प्रार्थी चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों द्वारा उनका पर्स लूट लिया गया। महिलाओं को निशाना बनाकर लगातार घटित हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी के लिए त्वरित कार्यवाही की गई। संदेहियों से पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी दीपक साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों, जो विधि से संघर्षरत बालक हैं, के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए हैं तथा खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से एक प्रकरण में लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन एवं दोनों प्रकरणों में कुल लगभग 6,000 रुपये नगद बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किए गए। प्रकरण में आरोपी दीपक साहू पिता अमर लाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा (छ.ग.) को दिनांक 05.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
