कोरबा :-
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में नगर निगम कोरबा के सभागार में साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करना । कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सेवा एवं जनहित की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर आम नागरिकों एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी ने भी स्वयं रक्तदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान करने से उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों में उत्साह का वातावरण बना तथा लोगों को मानव सेवा के इस कार्य से जुड़ने की प्रेरणा मिली।

साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
साइबर चौपाल के दौरान नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, अनजान मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा फर्जी कॉल एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सावधान रहने के संबंध में जागरूक किया गया। इसके साथ ही साइबर अपराध घटित होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से कोरबा पुलिस ने नागरिकों को संदेश दिया कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। वहीं रक्तदान शिविर के माध्यम से पुलिस ने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
