कोरबा :-
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में अलग-अलग गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 23 सितंबर 2026 को नगर निगम क्षेत्र में ‘खिलौना दान रथ’ निकाला जाएगा। इस अभिनव पहल के माध्यम से जिले के परिवारों से अपील की गई है कि बच्चों के बड़े हो जाने अथवा उपयोग में नहीं आने वाले साफ-सुथरे, सुरक्षित और उपयोग योग्य खिलौनों को घर में पड़े रहने देने के बजाय आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों तक पहुंचाएं। आपका दिया हुआ एक खिलौना किसी बच्चे के लिए खेल का साधन ही नहीं, बल्कि उसके चेहरे पर खिलने वाली एक नई मुस्कान और मन में जगने वाली नई कल्पना बन सकता है। इसी सोच के साथ जिला प्रशासन ने जिले वासियों से संवेदनशील भागीदारी की अपील की है। 23 सितंबर को ‘खिलौना दान रथ’ जब आपके क्षेत्र से गुजरे, तो घर से एक खिलौना जरूर निकालें। हो सकता है आपका दिया हुआ वह छोटा-सा खिलौना किसी बच्चे के लिए बहुत बड़ी खुशी बन जाए।
आइए, अपने घर की एक छोटी-सी खुशी किसी और बच्चे के बचपन के नाम करें। एक खिलौना दान करें और किसी चेहरे पर मुस्कान लाने का माध्यम बनें।
