कोरबा :-

MRM Portal के माध्यम से 19 शिकायतकर्ताओं के बैंक खातों में कुल ₹1,55,440 की ठगी गई राशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) एवं साइबर नोडल अधिकारी श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस थाना कोरबा द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त ऑनलाइन साइबर ठगी संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के समन्वय से धोखाधड़ी की राशि को तत्काल होल्ड कराया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत MRM Portal के माध्यम से 19 पीड़ित शिकायतकर्ताओं के बैंक खातों में कुल ₹1,55,440 (एक लाख पचपन हजार चार सौ चालीस रुपये) की राशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई। उक्त प्रकरणों में शेष बची राशि को भी नियमानुसार संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की कार्रवाई सतत जारी है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत होल्ड की गई राशि भी पात्र पीड़ितों के बैंक खातों में वापस दिलाई जाएगी। साइबर पुलिस थाना द्वारा प्रत्येक प्रकरण में निरंतर फॉलो-अप कर राशि वापसी की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, साइबर पुलिस थाना द्वारा NCRP पोर्टल पर प्राप्त अन्य ऑनलाइन साइबर ठगी संबंधी शिकायतों में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पात्र मामलों में धोखाधड़ी की राशि होल्ड कराने तथा नियमानुसार पीड़ितों को राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया निरंतर जारी है।

कोरबा पुलिस की अपील

यदि आप किसी भी प्रकार की ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार होते हैं, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर तत्काल शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते धोखाधड़ी की राशि होल्ड कर पीड़ितों को वापस दिलाने की कार्रवाई की जा सके।

कोरबा पुलिस का संदेश

“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।”