कोरबा :-
बिना नंबर प्लेट संचालित 39 वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही

पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना एवं यातायात इकाइयों द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर वाहन चालकों की सघन जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के साथ-साथ बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान 39 बिना नंबर प्लेट वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई। वहीं 36 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई। संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की न्यायालयीन प्रक्रिया की जाएगी। कोरबा पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना एवं यातायात नियमों की अनदेखी शामिल है। नशे की स्थिति में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता एवं प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी प्रकार बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करना भी कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ अपराध की स्थिति में वाहन की पहचान में बाधा उत्पन्न करता है। कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शराब सेवन के बाद कभी भी वाहन का संचालन न करें, वाहन पर निर्धारित नंबर प्लेट अवश्य लगाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने एवं वाहन पर वैध नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की
