कोरबा :

एस ई सी एल  खदान परियोजनाओं से प्रभावित भू-विस्थापित किसानों और ग्रामीणों ने सोमवार को पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रभावितों ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गेवरा, कुसमुंडा, दीपका और कोरबा परियोजनाओं के लिए उनकी जमीनें अधिग्रहित कर ली गईं, लेकिन आज तक न तो प्रभावित परिवारों को समुचित रोजगार मिला और न ही उचित मुआवजा एवं पुनर्वास की व्यवस्था की गई। ज्ञापन में रोजगार, मुआवजा, पुनर्वास, अधिग्रहित भूमि के बदले अधिकार सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भू-विस्थापितों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि वर्षों से प्रभावित परिवार अपने हक के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और एस ई सी एल प्रबंधन से संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। भू-विस्थापितों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।