कोरबा :-
कोरबा शहर के बुधवारी बायपास मार्ग पर 6-7 जून की दरमियानी रात 1.30 बजे के आसपास हुए हमले में गंभीर रूप से घायल सहायक उप निरीक्षक रामनारायण रात्रे के इकलौते पुत्र चंद्रमणि उर्फ दादू की उपचार के दौरान हो गई मौत। रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान छठवें दिन उसने तोड़ दिया दम। बताया जा रहा है कि घटना की रात बोलेरो वाहन से चंद्रमणि को कुचलकर जानलेवा हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। लगातार छह दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।चंद्रमणि की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं सामाजिक जनों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। वही परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को अधिकृत रूप से गिरफ्तार नहीं कर सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गंभीर वारदात के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एक ओर जहाँ जिले की पुलिस “सजग कोरबा सतर्क कोरबा ” अभियान के तहत जिले मे सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर वाहवाही लूट रही हैँ, वहीँ इतने बड़े वरदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को अब तक पकड़ने मे असक्षम क्यों साबित हो रही ?
