कोरबा :-

क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन गतिविधियों पर दिया गया जोर

जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में 07 मई को चावल महोत्सव के अवसर पर रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस दौरान ग्राम विकास, आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पूर्ण हुए 1016 आवासों में विधि विधान से हितग्राहियों गृहप्रवेश कराया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस आयोजित किया जाना निर्धारित किया गया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में तथा सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी एवं प्रभावी समन्वय के साथ संपन्न कराया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पूर्ण कराए गए आवासों में आज रोजगार सह आवास दिवस के अवसर पर हितग्राहियों को गृहप्रवेश कराया गया। हितग्राहियों ने परंपरागत रूप से पूजा अर्चना करके उत्साहपूर्वक गृह प्रवेश किया। कार्यक्रम के दौरान मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं शत-प्रतिशत निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई तथा आवश्यकतानुसार प्रकरणों के निराकरण हेतु विकासखंड एवं जिला स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रोजगार सह आवास दिवस में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों को अधिकतम 90 दिनों के भीतर पूर्ण कराने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। हितग्राहियों को उनके खातों में हस्तांतरित राशि की जानकारी उपलब्ध कराई गई, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति एवं अन्य आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी विशेष पहल की गई। ग्राम पंचायतों में ‘नवा तरिया-आय के जरिया’ अभियान के अंतर्गत नए तालाब निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई। मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त ‘आजीविका डबरी’ योजना के माध्यम से ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर बल दिया गया। कार्यक्रम में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने, लंबित जियो टैगिंग कार्यों को पूर्ण करने तथा आवासों एवं सूचना पटल पर परिवार की महिला सदस्य का नाम अंकित कराने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया, जिससे महिलाओं की सहभागिता एवं सम्मान को बढ़ावा मिल सके।इस अवसर पर ग्राम पंचायतों में मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित की गई, ताकि ग्रामीणजन योजनाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकें और पारदर्शिता को प्रोत्साहन मिले। रोजगार सह आवास दिवस में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।