कोरबा :-
01 मई से जिले में लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में “सुशासन तिहार 2026” के तहत जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित व पारदर्शी निराकरण हेतु व्यापक स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा 37 शिविरों का विस्तृत कैलेंडर जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम अनुसार शिविर मई-जून माह में विभिन्न जनपद पंचायतों में क्लस्टर स्तर पर लगाए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 01 मई 2026 को जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम धनरास से होगी, जो 05 जून तक जारी रहेंगे। प्रत्येक शिविर में विभागीय समन्वय से आवेदनों का मौके पर निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसी क्रम में सीईओ जनपद पंचायत कोरबा श्री खगेश निर्मलकर एवं सीईओ जनपद पंचायत करतला श्री वैभव कौशिक के द्वारा बुधवार को क्लस्टर बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर स्थल पर छायादार व्यवस्था, टेंट, पेयजल, कूलर-पंखों सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएं। साथ ही शिविर पूर्व लंबित शिकायतों के निराकरण, गांवों में मुनादी के माध्यम से प्रचार-प्रसार, पेंशन व राशन कार्ड वितरण तथा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया गया। बैठक में अधिकारियों ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने तथा लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभव साझा कराने पर भी चर्चा की। क्लस्टर बैठक में जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
