जांजगीर – चांपा :-

जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में देर रात लूट के प्रयास के दौरान नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश कांग्रेस नेता, ब्लॉक उपाध्यक्ष एवं व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे और लूट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगी। घटना के बाद परिजनों ने घायल आशुतोष को पहले बिर्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है । फिलहाल उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न मांग सके। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल व परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस उक्त घटना की विस्तृत जांच में जुट गई है।