ŸQ

कोरबा :-

पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर पत्रकारवार्ता की,जिसमे उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है, बल्कि इसके “अधूरे और भ्रामक स्वरूप” के खिलाफ है। उन्होंने ने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर देश की महिलाओं के साथ किया जा रहा है छल। उन्होंने कहा कि यह विधेयक समग्र और संतुलित नहीं है, बल्कि राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर जल्दबाजी में लाया गया प्रतीत होता है। उन्होंने सबसे बड़ी आपत्ति यह जताई कि बिल में OBC और वंचित वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान नहीं है। इससे पिछड़े वर्ग की महिलाओं को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाएगा, जो सामाजिक न्याय के सिद्धांत के खिलाफ है, साथ ही इस कानून को जनगणना और परिसीमन से जोड़ देना इसकी सबसे बड़ी खामी है, इससे इसके लागू होने में कई वर्षों की देरी हो सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार की मंशा साफ है तो इसे तत्काल लागू करने की स्पष्ट समयसीमा क्यों नहीं तय की । श्री अग्रवाल ने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर यह कदम वास्तव में राजनीतिक छवि सुधारने और वोट बैंक साधने की रणनीति ज्यादा लगता है। उन्होंने साथ ही कहा कि यदि, यह विधेयक वर्तमान स्वरूप में लागू होता है तो समाज में असंतुलन बढ़ सकता है और वंचित वर्ग की महिलाएं प्रतिनिधित्व से बाहर रह सकती हैं एवं कांग्रेस पार्टी सिद्धांत रूप में महिला आरक्षण का समर्थन करती है और इसे मजबूत लोकतंत्र के लिए आवश्यक भी मानती है और अधूरा कानून लाकर सिर्फ राजनीति करना देश और महिलाओं,दोनों के साथ अन्याय होगा ।