कोरबा :-
अब महिला थाना के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा
आज दिनांक 17.04.2026 को कोरबा जिले में नवीन महिला थाना का भव्य उद्घाटन किया गया। यह थाना महिलाओं की सुरक्षा, सहायता एवं उनके अधिकारों की रक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण पहल है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में श्री लखन लाल देवांगन, माननीय मंत्री (वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्य कर (आबकारी), श्रम, छत्तीसगढ़ शासन) उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में– श्रीमती संजू देवी राजपूत, माननीय महापौर, नगर पालिक निगम कोरबा,डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष, कोरबा, नूतन सिंह ठाकुर, सभापति, नगर निगम कोरबा तथा कोरबा जिले के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।इस अवसर पर कलेक्टर कोरबा श्री कुणाल दुदावत तथा पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। नवीन महिला थाना के प्रारंभ होने से जिले की महिलाओं को अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान, न्याय एवं सुरक्षा के लिए एक सुलभ एवं सुरक्षित मंच प्राप्त होगा। यह थाना महिला संबंधी अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई को संवेदनशील, त्वरित एवं प्रभावी बनाना है, ताकि पीड़ित महिलाओं को एक सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण मिल सके। उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा महिला थाना परिसर में “रोजनामचा” के अंतर्गत एंट्री भी की गई तथा नवीन थाना प्रभारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। इसी क्रम में वर्तमान में चल रहे फायर सेफ्टी वीक के तहत कोरबा पुलिस द्वारा तैयार किए गए जनजागरूकता पोस्टर/पंपलेट का भी माननीय मंत्री जी द्वारा विमोचन किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इसके अतिरिक्त, सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति प्रेरणा का संचार हुआ। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने महिला थाना की स्थापना को समाज के लिए एक सकारात्मक एवं आवश्यक कदम बताते हुए इससे महिलाओं को न्याय प्राप्त करने में और अधिक सुविधा मिलने की अपेक्षा व्यक्त की।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में निःसंकोच महिला थाना या निकटतम पुलिस थाना में संपर्क करें। पुलिस आपकी सहायता एवं सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है।
