कोरबा :-

जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग की अध्यक्षता एवं जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय की उपस्थिति में जिला पंचायत सभा कक्ष में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित की गई प्री बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा हेतु प्राचार्यो एवं विषय व्याख्याताओं की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्री-बोर्ड परीक्षा के परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने 50 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों के प्राचार्यों एवं 40 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले व्याख्याताओं को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। सीईओ ने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे विद्यालय में छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें और 15 फरवरी तक छात्रों को सघन अध्ययन हेतु प्रेरित करते हुए परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार लाएं। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में परीक्षा का समय अत्यंत निकट है, इस हेतु छात्रों को ब्लूप्रिंट के आधार पर तैयारी कराएं और उन्हें अधिक अंक प्राप्त करने की तकनीक एवं वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के अभ्यास पर विशेष ध्यान दें। साथ ही छात्रों को पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल कराने हेतु प्रोत्साहित करने और शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर अध्यापन कार्य सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में जिले के 43 हाई स्कूल एवं 18 हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा 60 व्याख्याता उपस्थित रहे।