कोरबा :-

जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत बनाए गए अमृत सरोवर स्थल पर 26 नवंबर को संविधान की उद्देशिका, प्रस्तावना का पठन,वाचन किया जाएगा। अमृत सरोवर स्थल पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में जिले के महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत निर्मित अमृत सरोवर स्थलों पर संविधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संविधान की उद्देशिका का वाचन किया जाएगा। जिसमें संविधान के आदर्शों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराया जायेगा। इसके साथ ही विविध कार्यक्रमों व गतिविधियों का आयोजन भी होगा। इस संबंध में जनपद पंचायत सीईओ व मनरेगा कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य संविधान के प्रति नागरिकों को जागरूक करना और उनके अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों का महत्व समझाना है। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान की उद्दे‌शिका के सामूहिक पाठ से होगी। ग्रामीणों के द्वारा एक प्रण जल संरक्षण की सामूहिक शपथ ली जायेगी इसके साथ ही जल सरंक्षण अमृत सरोवर की साफ सफाई और उसकी सुरक्षा की शपथ ली जायेगी। मनरेगा के श्रमिकों, एवं स्व सहायता समूह के सदस्यों के द्वारा श्रमदान एवं साफ सफाई की जाएगी।छात्रों के लिए निबंध लेखन, भाषण और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक दिन को स्मरणीय बनाने के लिए अमृत सरोवर स्थल पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मनरेगा के श्रमिक,स्थानीय समुदाय,अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूह, जन प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्व सहायता समूह की महिलाएं, आजीविका दीदियां और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय ग्रामीण, मनरेगा जॉब कार्डधारी, ग्रामीणों और छात्रों को संविधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।