कोरबा :-
राष्ट्रीय स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आज जनपद पंचायत पाली में सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग ने अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर स्वच्छोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों,अधिकारी कर्मचारी, ग्रामीण जनों ने संकल्प लिया कि “न गंदगी करूंगा – न दूसरों को करने दूंगा।”स्वच्छता संदेश का वाचन कर जिला स्तर पर स्वच्छता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायतों के सचिव, सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक शामिल हुए। सीईओ श्री नाग ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली है। उन्होंने सभी से घर, कार्यालय,सार्वजनिक स्थल और पर्यावरण को साफ रखने का संकल्प दोहराया और लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।उल्लेखनीय है कि जिले में स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक मनाया जाएगा, जिसमें स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनभागीदारी से स्वच्छता को बढ़ावा देना, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाना है।
