कोरबा :-

“दीदी के गोठ” रेडियो कार्यक्रम का हुआ प्रसारण

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन–बिहान के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रेरक कहानियों को आमजन तक पहुँचाने हेतु “दीदी के गोठ” रेडियो कार्यक्रम का प्रथम प्रसारण रविवार, 31 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे से आकाशवाणी के सभी केंद्रों से सीधा प्रसारित हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण एवं विकास विभाग मंत्री शिवराज सिंह चौहान,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्रामीण एवं पंचायत विकास विभाग मंत्री विजय शर्मा ने बिहान की दीदियों को संबोधित किया। स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपनी प्रेरणादायी सफलता की कहानियाँ साझा कीं, जो अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए मार्गदर्शक बनी। कोरबा जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, पाँचों विकासखण्डों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लखपति दीदियाँ और विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। दीदियों ने बिहान से जुड़ने से लेकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने और लखपति बनने तक की अपनी जीवन यात्रा को स्वयं के अनुभवों के साथ प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण महिलाएँ अब घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वरोजगार से अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर समाज में नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में हो रहे इस परिवर्तन को ऐतिहासिक बताया। इस अवसर पर संदीप चंद्राकर राज्य कार्यालय रायपुर, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती इंदिरा भगत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक चिराग ठक्कर, जॉन प्रेरा मिंज सहित जिले के विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ भी उपस्थित थीं। जिले के जनपद पंचायत,संकुल संगठनों एवं पंचायत स्तर पर भी दीदी के गोठ कार्यक्रम का सामूहिक रूप से आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।