कोरबा :-
जेसीआई वीक की थीम “77 इयर्स ऑफ लीडरशिप – 7 डेज ऑफ एम्पावर”
जूनियर चेम्बर इंटरनेशनल (JCI) एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन है, जो 18 से 40 वर्ष की आयु के युवा सक्रिय नागरिकों को एक साथ लाता है। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करना, ताकि वे अपने नेतृत्व कौशल और क्षमताओं का उपयोग करते हुए समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन ला सकें। JCI का विजन है— सक्रिय युवा नागरिकों का विश्व का सबसे प्रमुख वैश्विक नेटवर्क बनना। यही उद्देश्य है कि आज JCI का नेटवर्क 115 से अधिक देशों में 5,000 से अधिक स्थानीय संगठनों के माध्यम से सक्रिय है। दुनिया भर में लाखों युवा सदस्य JCI से जुड़कर शिक्षा, उद्यमिता, सामाजिक विकास और नेतृत्व निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। यह बाते कोरबा तिलक भवन मे प्रेसवार्ता के दौरान JCI कोरबा सेंट्रल के अध्यक्ष ने कही। उन्होंने कहा के भारत में भी JCI युवाओं को अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और विचारों को सकारात्मक दिशा देने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करता है। विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सामाजिक परियोजनाओं, सामुदायिक सेवा और नेतृत्व विकास के अवसरों के माध्यम से युवाओं को समाज के लिए सार्थक कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाता है। JCI कोरबा सेंट्रल द्वारा वर्तमान में 170 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ क्षेत्र के प्रमुख चेस टूर्नामेंट में से एक का आयोजन कर युवाओं में प्रतिस्पर्धी सोच, एकाग्रता एवं खेल भावना को बढ़ावा दिया गया साथ ही 100+ व्यवसायियों एवं उद्यमियों की सहभागिता के साथ AI एवं बिजनेस के व्यावहारिक उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। साथ ही ओपन थिएटर में आयोजित कम्युनिटी काइट फेस्टिवल में सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही। निःशुल्क पतंग एवं चरखी वितरण के माध्यम से सामुदायिक जुड़ाव एवं एकता का संदेश दिया गया, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को CPR की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई। उन्होने आगे बताया के JCI कोरबा सेंट्रल द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 से 15 सितंबर तक JCI वीक मनाया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह के दौरान कोरबा में विभिन्न सामुदायिक सेवा, सामाजिक जागरूकता, व्यक्तिगत विकास, व्यावसायिक नेतृत्व तथा नेतृत्व क्षमता निर्माण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि युवाओं को जोड़ना, उन्हें सक्षम बनाना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
9 से 15 सितंबर – सात दिन, सात थीम
जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 9 से 15 सितंबर 2026 तक जेसीआई वीक का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष जेसीआई वीक की थीम “77 इयर्स ऑफ लीडरशिप – 7 डेज ऑफ एम्पावर” है। सात दिनों तक अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, युवा नेतृत्व, मानव कर्तव्य, डिजिटल आउटरिच, बिजनेस नेटवर्किंग, मेंबरशिप एक्सपेंशन, फैमिली बॉन्डिंग एवं समाज के मौन सितारे को सम्मानित करने की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
प्रथम दिवस : सर्रेनवल सिपिंग डे
“प्लास्टिक हटाओ, स्टील अपनाओ – आज की आदत, कल का बेहतर भविष्य”
जेसीआई वीक की शुरुआत सर्रेनवल सिपिंग डे के संदेश के साथ होगी। प्लास्टिक हटाओ, स्टील अपनाओ अभियान के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर स्टील की बोतलों एवं स्टील के विकल्पों को अपनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दिन सामूहिक स्टील बोतल वितरण अभियान, जन-जागरूकता एवं शिक्षा तथा जनसंपर्क से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
द्वितीय दिवस : यूथ लीडरशिप एंड वॉइस डे
(“युवा की आवाज, नेतृत्व का आगाज”)
द्वितीय दिवस के अवसर पर अंतरमहाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, यूथ पार्लियामेंट, सीपीआर प्रशिक्षण, वर्क-लाइफ बैलेंस, पर्सनल ब्रांडिंग जैसे विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता तथा व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देना है।
तृतीय दिवस: ह्यूमन ड्यूटीज एंड डिजिटल आउटरिच डे
“अधिकारों के साथ कर्तव्यों की समझ – जिम्मेदार नागरिकता की ओर”
इस दिन मानव कर्तव्य अभियान के माध्यम से मानवीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही डिजिटल आउटरिच एवं ऑनलाइन एंगेजमेंट के माध्यम से सकारात्मक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
चतुर्थ दिवस : बिजनेस एंड नेटवर्क ग्रोथ डे
“कनेक्शन बढ़ो, अवसर बढ़ो”
इसके अंतर्गत बिजनेस कम्युनिटी और जेसीआई सदस्यों के बीच कनेक्टिविटी एवं नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहेगा। इस अवसर पर जे-कॉम ऑपरेशन एवं नेटवर्किंग मीट्स आयोजित की जाएगी।
पंचम दिवस : मेंबरशिप एक्सपेंशन डे
“जुड़ें JCI से, बढ़े नेतृत्व की ओर”
जेसीआई के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए यह दिन समर्पित रहेगा। इस दिन इनबाइट एड एंज, मेंबर स्पॉटलाइट एवं वेलकम न्यू मेंबर्स जैसी गतिविधियों के माध्यम से नए सदस्यों को जेसीआई परिवार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
छठा दिवस : फैमिली बॉन्डिंग डे
मजबूत परिवार, मजबूत समाज
परिवार को मजबूत बनाने और परिवार के सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से इस दिन फैमिली टाइम, फैमिली एक्टिविटीज एवं एक्सप्रेस एक्टिविटीज जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जेसीआई कोरबा सेंट्रल का मानना है कि “स्ट्रॉन्ग फैमिली ही स्ट्रॉन्ग कम्युनिटी की नींव है।”
सातवां दिवस : ग्रैंड फिनाले: ऑनरिंग हीरोज एंड साइलेंट स्टार्स डे “गुमनाम नहीं, सम्मान के हकदार”

जेसीआई वीक का समापन उन लोगों को सम्मान देने के साथ किया जाएगा, जो अपने कार्यों से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन अक्सर उनकी उपलब्धियां लोगों की नजरों से दूर होती हैं। इस अवसर पर साइलेंट स्टार्स एवं ग्रैंड फिनाले सेलिब्रेशन आयोजित किया जाएगा।साइलेंट स्टार्स को विस्तार पूर्वक बताते हुए जसी सीए अमर अग्रवाल ने कहा के इसमें उनलोगों को सम्मान किया जाएगा जो किसी न किसी क्षेत्र मे बगैर किसी स्वार्थ एवं इच्छा के मौन होकर अपना योगदान दे रहे है एवं समाज को एक नई राह दिखाने मे अपना योगदान दे रहे है। उन्होंने कहा के मौन रहकर अपने कार्यों से विभिन्न क्षेत्रों मे अपना योगदान देने वाले को JCI कोरबा सेंट्रल सम्मान करेगी। इसके पूर्व भी जूनियर चेम्बर इंटरनेशनल (JCI) द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, नशा मुक्ति, समाज कल्याण के क्षेत्रों मे अपना योगदान देने वाले व्यक्तियों को JCI के मंच से सम्मान किया जा चूका है। JCI कोरबा सेंट्रल ने तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के उपरांत कोरबा प्रेस क्लब के केयर टेकर गुणसागर महिलांगे को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
JCI कोरबा सेंट्रल का उद्देश्य केवल सात दिनों तक JCI वीक मनाना नहीं है, बल्कि इन सात दिनों के माध्यम से समाज में ऐसे सकारात्मक बदलाव की शुरुआत करना है, जिसका प्रभाव लंबे समय तक दिखाई दे। सस्टेनेबिलिटी से यूथ लीडरशिप तक, ह्यूमन ड्यूटीज से बिजनेस नेटवर्किंग तक, मेंबरशिप से फैमिली बॉन्डिंग तक और साइलेंट स्टार्स के सम्मान से ग्रैंड सेलिब्रेशन तक,JCI वीक का हर दिन एक विचार, एक उद्देश्य और एक सकारात्मक संदेश लेकर आएगा। इस प्रेसवार्ता के दौरान जेसी सीए अमर अग्रवाल, जेसी सुरेश चौहान, जेसी सीए त्रिलोकी नाथ बजाज, जेसी राम कुमार सोनी, जेसी अंश अग्रवाल, जेसी निश्चल टमकोरिया एवं अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
